उड़िया लेखिका प्रतिभा राय को ज्ञानपीठ पुरस्कार
Literature 3:11 AM
देश की प्रमुख फिक्शन लेखकों में शामिल वरिष्ठ उड़िया लेखिका डॉ. प्रतिभा राय को वर्ष 2011 के लिए 47 वां ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की आज यहां घोषणा की गयी। ज्ञानपीठ द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ज्ञानपीठ चयन बोर्ड की बैठक में डॉ. प्रतिभा राय को वर्ष 2011 के लिए 47वां ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की घोषणा की गयी। डॉ. प्रतिभा राय का जन्म 21 जनवरी 1943 को कटक जिले में हुआ था। वह इस वक्त देश की प्रमुख फिक्शन लेखकों में शामिल हैं और उनके उपन्यास एवं कहानियां किस्सागोई की परंपरा से जुड़े होते हैं, जिसमें चरित्र और परिस्थितियां जीवंत हो जाती है।
डॉ. प्रतिभा राय के अब तक 20 उपन्यास, 24 लघुकथा संग्रह, 10 यात्रा वृतांत, दो कविता संग्रह और कई निबंध प्रकाशित हो चुके हैं। इसमें यज्ञनासैनी, शिल पदम, महामोह, उत्तर मार्ग और द्रोपदी शामिल हैं। उनकी प्रमुख रचनाओं का ना केवल देश की प्रमुख भाषाओं में बल्कि अंग्रेजी सहित दूसरी विदेशी भाषाओं में भी अनुवाद हुआ है। मूर्तिदेवी पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली लेखिका डॉ. प्रतिभा राय को साहित्य अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और कथा पुरस्कार सहित कई सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। चयन बोर्ड की अध्यक्षता वरिष्ठ लेखक एवं विद्वान डॉ. सीताकांत महापात्र ने की, जिसमें प्रो. मैनेजर पांडे, डॉ. के. सच्चिदानंदन, प्रो. गोपीचंद नारंग, केशुभाई देसाई, दिनेश मिश्रा और रवींद्र कालिया शामिल थे
