हिमाचल में कांग्रेस की सरकार
Top News 4:03 AM
सेंटर फॉर स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटी द्वारा कराए गए सर्वे के मुताबिक कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर है। इस सर्वे में कांग्रेस को 41 फीसद और भाजपा को 40 फीसद वोट मिलने की बात कही गई है। सीटों के हिसाब से देखें तो इस सर्वे में कांग्रेस को 29-35 सीटों पर जीत दिखाई गई है तो भाजपा को भी कमोबेश इतनी ही सीटें दी गई हैं। वहीं सीवोटर्स द्वारा कराए गए सर्वे में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए दिखाया गया है। इसमें कांग्रेस को 40 सीटों पर विजयी दिखाया गया है जबकि भाजपा के खाते में कुल 24 सीटें ही दिखाई गई हैं। वहीं सीएनएन आईबीएन के सर्वे में भी कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर होने की बात सामने आई है। इस सर्वे में कांग्रेस को कुल मतों का 41 फीसद और भाजपा को 40 फीसद मत मिलने का दावा किया गया है।
न्यूज 24 के सर्वे में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है। इस सर्वे में कांग्रेस को 40 सीट और भाजपा को 23 सीटें दी गई हैं। लेकिन इससे उलट राज्य के मुख्यमंत्री इन सर्वो को दरकिनार कर एक बार भाजपा की सरकार बनने के दावे कर रहे हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि इस तरह के सर्वे पंजाब में पूरी तरह से विफल रहे थे। इन पर विश्वास नहीं किया जा सकता है क्योंकि यह सर्वे महज कुछ सौ लोगों से बात करके ही कर दिए जाते हैं, जबकि एक विधानसभा में लाखों लोग वोट डालते हैं। उनका कहना है कि फिलहाल अटकलों को छोड़कर नतीजों के आने का इंतजार करना चाहिए।